चतुर्भुज मंदिर में 108 पार्थिव शिवलिंग पूजन महोत्सव में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

0
41

जयपुर। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर छोटी चौपड़ स्थित श्री चतुर्भुज जी मंदिर में पितृ शांति एवं लोककल्याण की कामना से निशुल्क 108 पार्थिव शिवलिंगों का सामूहिक पूजन एवं सहस्त्रघट महाभिषेक श्रद्धा और भक्ति के साथ आयोजित किया गया। श्री चतुर्भुज जी एवं श्री गोविन्द देव जी की कृपा से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया।

कार्यक्रम में डॉ. प्रशांत शर्मा के सान्निध्य तथा विद्वान पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 108 पार्थिव शिवलिंगों का पूजन कराया गया। इस दौरान भगवान शिव का गंगाजल, दूध, पंचामृत, गन्ने के रस, भांग एवं विभिन्न पवित्र सामग्रियों से सहस्त्रघट महाभिषेक किया गया। शिवलिंगों पर पंचामृत, दूध, भांग और गन्ने के रस से अभिषेक के दौरान मंदिर परिसर ‘‘हर-हर महादेव’’ और ‘‘ॐ नमः शिवाय’’ के जयघोष से गूंज उठा।

आयोजकों ने बताया कि अधिक मास में भगवान शिव की आराधना एवं पार्थिव शिवलिंग पूजन का विशेष महत्व माना जाता है। विशेष रूप से अधिक मास के अंतिम दिन किया गया पूजन-अभिषेक भक्तों को आध्यात्मिक ऊर्जा, सुख-समृद्धि और पुण्यफल प्रदान करता है। सनातन परंपरा में अधिक मास को जप, तप, साधना और ईश्वर आराधना का श्रेष्ठ काल माना गया है।

महाभिषेक में शामिल श्रद्धालुओं ने परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। आयोजन के दौरान संत-महंतों ने भगवान भोलेनाथ की विशेष आरती की तथा खीर का भोग अर्पित किया गया। इसी अवसर पर संत-महंतों के सान्निध्य में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का भी विधिवत समापन हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here