लाइसेंसधारी पटाखा व्यापारियों ने आवाज उठाते हुए अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की

0
110
jaipur pathaka vyapar samity
jaipur pathaka vyapar samity

जयपुर। जयपुर पटाखा व्यापार समिति ने पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर वैध लाइसेंस धारी पटाखा व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किए जाने तथा अवैध पटाखा निर्माण—भंडारण और बिक्री में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। समिति का कहना है कि शहर के सभी लाइसेंसधारी व्यापारी वर्षों से विस्फोटक अधिनियम और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए व्यापार कर रहे हैं, इसलिए उन्हें बार-बार जांच के नाम पर परेशान करना उचित नहीं है।

समिति के सचिव अमित राजानी द्वारा जारी ज्ञापन में कहा गया है कि हाल ही में जयपुर के खो-नागोरियान क्षेत्र में एक अवैध पटाखा कारखाने में बाहरी व्यक्ति की लापरवाही के कारण दुर्घटना हुई थी। इस मामले में पुलिस प्रशासन ने त्वरित और सराहनीय कार्रवाई की। समिति ने स्पष्ट किया कि इस घटना का वैध लाइसेंसधारी व्यापारियों से कोई संबंध नहीं है तथा संगठन किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि का समर्थन नहीं करता। समिति ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रखने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि जयपुर में पटाखा व्यापार शुरू करने से पहले पुलिस और अग्निशमन विभाग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत विस्तृत जांच की जाती है। आमजन से आपत्तियां आमंत्रित करने तथा सभी सुरक्षा मानकों की पुष्टि के बाद ही लाइसेंस जारी किए जाते हैं। कई व्यापारियों के लाइसेंस वर्ष 2029-30 तक नवीनीकृत हैं और वे सभी नियमों का पूर्ण पालन कर रहे हैं।

समिति ने कुछ समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों को भ्रामक और तथ्यों से परे बताते हुए कहा कि ऐसी खबरों से वैध व्यापारियों की छवि प्रभावित हो रही है। संगठन का कहना है कि शहर के लाइसेंसधारी व्यापारी पिछले कई दशकों से विस्फोटक नियमों का कड़ाई से पालन करते हुए कारोबार कर रहे हैं।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि करीब दो माह पूर्व ही सभी वैध लाइसेंसों की गहन जांच की जा चुकी है। ऐसे में आगामी दीपावली पर्व की तैयारियों के मद्देनजर नई जांचों को फिलहाल स्थगित किया जाए, ताकि व्यापारी त्योहारी सीजन की तैयारियां सुचारू रूप से कर सकें।

समिति ने प्रशासन से यह भी मांग की कि होटल, मैरिज गार्डन, विवाह स्थल और अन्य सार्वजनिक आयोजनों में आतिशबाजी की अनुमति केवल वैध लाइसेंसधारी संचालकों को ही दी जाए, जिससे सुरक्षा मानकों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित हो सके।

समिति के सचिव अमित राजानी ने कहा कि जयपुर में लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और सभी सदस्य पुलिस कमिश्नरेट के निर्देशों तथा विस्फोटक अधिनियम के प्रावधानों का पालन करते हैं। उन्होंने प्रशासन से वैध व्यापारियों के हितों की रक्षा करते हुए अवैध कारोबारियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने की अपील की।

ज्ञापन पर समिति के संरक्षक लल्लू लाल खुटेंटा एवं महेंद्र माहेश्वरी, अध्यक्ष सुरेश हासानी, उपाध्यक्ष गोपाल लाल अग्रवाल, संयुक्त सचिव जहीर अहमद, कोषाध्यक्ष महेश खंडेलवाल, प्रचार मंत्री महेश इसरानी, संगठन मंत्री राजन हासानी, लीगल सलाहकार प्रवीण खंडेलवाल सहित कार्यकारिणी सदस्य राजकुमार मोरानी, सुखदेव टेकवानी, साजिद खान, बालकृष्ण खंडेलवाल और फरमान अहमद के नाम शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here