ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों के काटे गए चालान

0
46

जयपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस एवं परिवहन विभाग की ओर से गुरुवार को विशेष मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) अभियान चलाया गया। अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। शहर के प्रमुख चौराहों, व्यस्त मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की गई।

पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि इस अभियान के दौरान बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, ओवरस्पीडिंग, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने, स्टंटबाजी करने, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने, आवश्यक दस्तावेज साथ नहीं रखने, ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर भी सख्ती बरती गई और कई वाहनों को क्रेन की सहायता से हटा कर जुर्माना लगाया गया।

पुलिस और परिवहन विभाग की टीमों ने दिनभर चले अभियान में एमवी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत बड़ी संख्या में चालान जारी किए। गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर कई वाहनों को जब्त (सीज) भी किया गया। अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान मौके पर तथा ऑनलाइन माध्यम से शमन शुल्क (जुर्माना) भी वसूला गया।

पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग दुर्घटना की स्थिति में जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए वाहन चालक इन नियमों का पालन अवश्य करें।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय सभी वैध दस्तावेज साथ रखें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, शराब या नशे की हालत में वाहन नहीं चलाएं तथा यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here