अस्पताल में चंद मिनटों में पार किया जेवरात से भरा बैग

0
57

जयपुर। राजधानी जयपुर के मालवीय नगर थाना क्षेत्र स्थित एपेक्स अस्पताल में चोरी की एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। अस्पताल परिसर में इलाज करा रहे एक मरीज के परिजन को निशाना बनाते हुए शातिर बदमाश करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग चोरी कर ले गए। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार पीड़ित गोपीराम एक सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। उन्होंने बताया कि 11 जून की रात उनकी पत्नी की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल मालवीय नगर स्थित एपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया।

आईसीयू में भर्ती करने से पहले अस्पताल स्टाफ ने सुरक्षा कारणों से महिला के शरीर पर पहने हुए सभी सोने-चांदी के जेवरात उतरवाकर परिजनों को सौंप दिए। गोपीराम ने सभी जेवरात एक बैग में रख लिए और अपने पास सुरक्षित रखे।

देर रात करीब 12.30 बजे गोपीराम अस्पताल परिसर में बने गेस्ट हाउस में आराम करने चले गए। उन्होंने जेवरात से भरा बैग अपने पास ही रखा था। रात करीब तीन बजे तीन संदिग्ध युवक गेस्ट हाउस में दाखिल हुए और वहां सो रहे मरीजों के परिजनों के बीच घूमते हुए रेकी करने लगे।

कुछ देर बाद एक युवक बेहद शातिराना अंदाज में गोपीराम के पास जाकर लेट गया। मौका मिलते ही उसने उनके पास रखा जेवरात से भरा बैग उठा लिया। इसके बाद तीनों आरोपी कुछ ही मिनटों में वहां से फरार हो गए। घटना के दौरान आसपास सो रहे अन्य लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी।

सुबह नींद खुलने पर गोपीराम ने देखा कि उनके पास रखा बैग गायब है। बैग में करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात रखे हुए थे। जेवरात चोरी होने की जानकारी मिलते ही उनके होश उड़ गए।

इसके बाद उन्होंने तत्काल मालवीय नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा अस्पताल के आसपास और मुख्य मार्गों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांच के दायरे में ली गई है।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों के पेशेवर और शातिर होने की आशंका जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here