महिला पर्यवेक्षक समेत तीन महिलाएं 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

0
58

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की भरतपुर टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग की एक महिला पर्यवेक्षक तथा दो आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर परिवादिया को नौकरी में परेशान नहीं करने और रिश्वत नहीं देने पर नौकरी से निकालने की धमकी देकर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी भरतपुर को एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें परिवादिया ने आरोप लगाया था कि महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़ी आरोपी महिलाएं उसे नौकरी में परेशान कर रही हैं तथा रिश्वत नहीं देने पर नौकरी से हटाने की धमकी दे रही हैं। शिकायत में 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग किए जाने का भी उल्लेख किया गया था।

शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी ने कार्रवाई की योजना बनाई। एसीबी रेंज भरतपुर के उप महानिरीक्षक ओमप्रकाश मीना के सुपरविजन में एसीबी चौकी भरतपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित सिंह के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

कार्रवाई के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग, भरतपुर के सूरजपोल सेक्टर की महिला पर्यवेक्षक क्षमा दहिया, कारे का नगला केंद्र की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुनीता मुदगल तथा डी-ब्लॉक रंजीत नगर की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता राजबाला को प्रथम किश्त के रूप में 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।

एसीबी के अनुसार आरोपियों द्वारा कथित रूप से कुल 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी और 10 हजार रुपये पहली किश्त के रूप में लिए जा रहे थे। इसी दौरान एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई कर तीनों को दबोच लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here