पुष्प वर्षा के बीच गूंजा सियाराम नाम: श्रद्धालुओं ने भजनों पर झूम कर लगाई हाजिरी

0
57
The name 'Siyaram' resonated amidst a shower of flowers.
The name 'Siyaram' resonated amidst a shower of flowers.

जयपुर। दिल्ली रोड स्थित श्री खोले के हनुमानजी मंदिर में आयोजित भगवान श्री सियाराम के 29वें पाटोत्सव महोत्सव के अंतर्गत शनिवार को भक्तिमय माहौल के बीच भजन, संकीर्तन और सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान सियाराम का गुणगान किया और भजनों की स्वर लहरियों पर झूमते हुए अपनी श्रद्धा अर्पित की।

श्री हरिनाम संकीर्तन एवं श्री शिव सत्संग मंडल, रामनिवास बाग की ओर से आयोजित संकीर्तन कार्यक्रम में मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों से सजाया गया। रात्रि में श्री महेश रामायण सत्संग मंडल, जयपुर की ओर से सामूहिक सुंदरकांड पाठ, भजन एवं बधाई गायन प्रस्तुत किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा भी की गई।

श्री नरवर आश्रम सेवा समिति प्रन्यास के महामंत्री बृजमोहन शर्मा ने बताया कि रविवार को प्रातः 9 बजे त्रिवेणी धाम के पीठाधीश्वर स्वामी रामरिछपाल दास महाराज के सानिध्य में श्री हरिनाम संकीर्तन, बधाई गायन एवं सम्मान समारोह आयोजित होगा। वहीं शाम 7 बजे श्री रामानन्दीय वैष्णव सम्प्रदाय मंडल, सांगानेर द्वारा भजन एवं बधाई गायन की प्रस्तुति दी जाएगी।

महोत्सव के तहत 22 जून को शाम 6 बजे शुक सम्प्रदाय के पीठाधीश्वर अलबेली माधुरीशरण महाराज के सानिध्य में भगवान श्री सियाराम का छठी उत्सव मनाया जाएगा। 23 जून को श्री अन्नपूर्णा माता का नवम पाटोत्सव सरयूशरण शर्मा के संयोजन में आयोजित होगा। कार्यक्रम के तहत सुबह 6 बजे अभिषेक, 10 बजे षोडशोपचार पूजन, अभिषेक एवं शृंगार, 11 बजे राजभोग तथा 11:30 बजे विशेष उत्सव आरती होगी।

दोपहर 2 बजे महिला मंडल बदनपुरा की ओर से भजन एवं बधाई गायन होगा। वहीं शाम 7 बजे डॉ. स्वाति अग्रवाल एवं उनकी टीम नृत्य, भजन और बधाई गायन की प्रस्तुतियां देंगी। मंदिर परिसर में चल रहे पाटोत्सव महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here