मुख्यमंत्री निवास पर कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों ने किया योगाभ्यास

0
48

जयपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार सुबह मुख्यमंत्री निवास पर विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। जिसमें जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी कार्यक्रम में मौजूद रहकर महिला पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन किया और प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं।

योग सत्र के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन, सूक्ष्म क्रियाएं, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। एकरूपता के साथ किए गए योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाती है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर अपनी नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण परिस्थितियों में समाज की सुरक्षा का दायित्व निभाते हैं। ऐसे में योग तनाव प्रबंधन, मानसिक एकाग्रता और कार्यक्षमता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है।

जयपुर पुलिस जनसंपर्क प्रकोष्ठ के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बल में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और योग के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना था। कार्यक्रम के अंत में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों ने योग के माध्यम से स्वस्थ, ऊर्जावान और सक्रिय जीवन जीने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here