संविदा नर्सों आंदोलन तेज:नर्सिंग कर्मियों ने किया कांवटिया अस्पताल में दो घंटे का कार्य बहिष्कार

0
52
Nursing staff staged a two-hour work boycott at Kanwatia Hospital.
Nursing staff staged a two-hour work boycott at Kanwatia Hospital.

जयपुर। राजस्थान नर्सेज संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर संविदा नर्स दीपक खारवाल की मौत तथा प्रदेशभर के विभिन्न अस्पतालों में वर्षों से कार्यरत संविदा नर्सिंगकर्मियों को हटाए जाने के विरोध में आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। शनिवार को जयपुर के कांवटिया चिकित्सालय में नर्सिंगकर्मियों ने दो घंटे का कार्य बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन किया, जबकि एसएमएस मेडिकल कॉलेज के मुख्य द्वार पर अनिश्चितकालीन धरना आठवें दिन भी जारी रहा।

कांवटिया चिकित्सालय में आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व कैलाश कशाना, यजुवेंद्र यादव और राकेश नेहरा ने किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से वादे के अनुसार हटाए गए संविदा नर्सिंगकर्मियों को पुनः नियुक्त करने तथा उनकी मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की।

आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे शिक्षक संघ शेखावत के प्रदेशाध्यक्ष एवं संयुक्त कर्मचारी महासंघ के प्रदेश मंत्री महावीर सिहाग ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं निकाला तो महासंघ प्रदेशभर में सरकार के खिलाफ व्यापक आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने नर्सिंगकर्मियों की मांगों को जायज बताते हुए सरकार से संवेदनशीलता दिखाने की अपील की।

धरना स्थल पर नर्सेज संयुक्त संघर्ष समिति के प्रदेश संयोजक राजेंद्र राणा, विनीता शेखावत, गुड्डी सैनी, जे.पी. कसवां, के.के. यादव और विमल शर्मा ने कहा कि सरकार की संवेदनहीनता के कारण प्रदेशभर के नर्सिंगकर्मियों में भारी आक्रोश है।

उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही राज्यभर में शोक दिवस मनाते हुए सामूहिक अवकाश लिया जाएगा। आंदोलनकारी नर्सिंगकर्मियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here