खड़े ट्रोले में पीछे से घुसा तेज रफ्तार ट्रेलर: दो की मौत

0
52

जयपुर। सीकर जिले के रामगढ़ सेठान थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह चूरू हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दारूल उलूम मदरसा के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रोले में तेज रफ्तार ट्रेलर पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

रामगढ़ सेठान थाना अधिकारी प्रकाश चंद्र ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रेलर में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चूरू रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों में एक मृतक हरियाणा के जींद जिले का निवासी बताया जा रहा है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। पुलिस ने मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर परिजनों को सूचना दे दी है।

जानकारी के अनुसार दुर्घटना सुबह उस समय हुई, जब ट्रेलर चूरू हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और ट्रेलर सड़क किनारे खड़े ट्रोले से जा टकराया। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने दोनों शवों को रामगढ़ के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

थाना अधिकारी प्रकाश चंद्र ने बताया कि दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में ट्रेलर की तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here