ट्रेलर-कार की भीषण भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

0
42
Main Accused Who Swindled ₹11.54 Lakh Using Fake Land Leases Arrested
Main Accused Who Swindled ₹11.54 Lakh Using Fake Land Leases Arrested

जयपुर। नागौर जिले के जसनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। ट्रेलर और कार के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

जसनगर थानाधिकारी भारमल चौधरी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस मृतकों की शिनाख्त की कार्रवाई कर रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुआ परिवार हरियाणा के रोहतक जिले के मेवाड़ी गांव का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार कार हरियाणा की ओर जा रही थी। इसी दौरान जसनगर के निकट सामने से आ रहे ट्रेलर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। बाद में पुलिस की मदद से सभी घायलों और मृतकों को अस्पताल पहुंचाया गया।

दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल मासूम बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
थानाधिकारी भारमल चौधरी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here