अखिल भारतीय पंचायत परिषद राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष बने कमल किशोर माहेश्वरी

0
31

जयपुर। अखिल भारतीय पंचायत परिषद, राजस्थान की महत्वपूर्ण बैठक हरि मार्ग सिविल लाइंस जयपुर में आयोजित हुई। बैठक में राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष के चयन सहित संगठन को प्रदेश में और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

अखिल भारतीय पंचायत परिषद, दिल्ली के राष्ट्रीय महासचिव ठाकुर गजेन्द्र सिंह एडवोकेट के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में आयोजित बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कमल किशोर माहेश्वरी को सर्वसम्मति से अखिल भारतीय पंचायत परिषद, राजस्थान का प्रदेशाध्यक्ष मनोनीत किया।

बैठक में संगठन की नवनिर्वाचित प्रबंध कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। इसमें एसएन देवपुरा और आनंद मिश्रा को प्रदेश उपाध्यक्ष, त्रिलोक चंद वर्मा को प्रदेश महासचिव तथा शरद गुप्ता को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

कमल किशोर माहेश्वरी के प्रदेशाध्यक्ष मनोनीत होने पर बैठक में मौजूद पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा पूर्ण समर्थन व्यक्त किया। इस दौरान संगठन को राजस्थान में और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के साथ पंचायत स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों का विस्तार करने पर चर्चा हुई।

पदाधिकारियों ने कहा कि अखिल भारतीय पंचायत परिषद के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने, पंचायतों से जुड़े विषयों को प्रभावी तरीके से उठाने तथा संगठन को प्रदेश और जिला स्तर पर सशक्त बनाने के लिए सभी मिलकर कार्य करेंगे।

प्रदेशाध्यक्ष का दायित्व मिलने पर कमल किशोर माहेश्वरी ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे संगठन की अपेक्षाओं के अनुरूप पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here