जयपुर। श्री श्याम प्राचीन मंदिर, श्री श्याम सत्संग मंडल संस्था रामगंज बाजार की ओर से दिल्ली रोड स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में वन विहार महोत्सव एवं भजन संध्या का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। श्री श्याम प्राचीन मंदिर के महंत पं. लोकेश मिश्र के सानिध्य में बाबा श्याम की अलौकिक फूल बंगला एवं वन विहार झांकी सजाई गई। झांकी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
कार्यक्रम संयोजक अनिल मिश्रा, मुकेश बागड़ा और गिरीश बंसल ने बताया कि बाबा श्याम को 56 भोग अर्पित कर अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई। गणेश वंदना के साथ भजन संध्या का शुभारंभ हुआ। स्थानीय गायक कलाकारों ने बाबा श्याम के भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिन पर श्रद्धालु देर तक झूमते और नाचते रहे।
भजन संध्या के दौरान लगातार इत्र और पुष्प वर्षा होती रही। ‘आओ आओ सांवरिया बैगा आयो…’, ‘मेरे शीश के दानी का सारे जग में डंका बाजे’ और ‘राधे का नाम, अनमोल बोलो राधे-राधे’ सहित विभिन्न भजनों से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।
इस दौरान महंत पं. लोकेश मिश्र ने जयपुर की विभिन्न श्याम सेवी संस्थाओं का माला, दुपट्टा एवं प्रसाद देकर स्वागत-सत्कार किया। वन विहार झांकी और भजन संध्या में श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में बाबा श्याम को महाप्रसादी का भोग लगाया गया, जिसमें करीब 950 श्रद्धालुओं ने पंगत प्रसादी ग्रहण की।



















