पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा: 41 जिला परिषदों में बहुमत का दावा

0
34
BJP gears up for Panchayat elections.
BJP gears up for Panchayat elections.

जयपुर। पंचायत चुनावों की तैयारियों को लेकर भाजपा की संगठनात्मक बैठक रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की अध्यक्षता में हुई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा वर्चुअल माध्यम से जुड़े। बैठक में संगठन महामंत्री अजेय कुमार, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, डॉ. अरुण चतुर्वेदी, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, वरिष्ठ नेता ओंकार सिंह लखावत, सीआर चौधरी सहित प्रदेश पदाधिकारी और सभी संभाग प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक के बाद मदन राठौड़ ने कहा कि हालिया निकाय चुनाव में जनता ने भाजपा की भजनलाल सरकार पर भरोसा जताया है और पंचायत चुनाव में भी भाजपा को भारी बहुमत से विजयी बनाएगी। मेयर चुनाव को लेकर उन्होंने कांग्रेस के क्रॉस वोटिंग के दावों पर कहा कि कांग्रेस को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा बहुमत के साथ मेयर बनाएगी।

भाजपा चुनाव प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी ने कहा कि हालिया चुनावों के माध्यम से जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की नीतियों तथा राष्ट्र प्रथम की भावना के प्रति समर्थन जताया है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनावों में भाजपा को व्यापक समर्थन मिला है और पंचायत चुनाव में पार्टी सभी 41 जिला परिषदों में बहुमत हासिल करेगी। उन्होंने बताया कि टिकट वितरण के दौरान नाराज होकर निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अब पार्टी में लौट चुके हैं।

यूजीसी से जुड़े विषय पर द्विवेदी ने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है और सुप्रीम कोर्ट के आगामी आदेश के अनुरूप इस पर विचार किया जाएगा। चुनाव में इसके प्रभाव को लेकर उन्होंने कहा कि उनके पास कोई आंकड़ा नहीं है, लेकिन सभी वर्गों ने भाजपा को समर्थन दिया है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में पहली बार 309 निकायों में एक साथ चुनाव हुए। पार्टी ने प्रदेश स्तर पर संकल्प पत्र जारी किया और कार्यकर्ताओं ने इसे प्रत्येक निकाय में जनता तक पहुंचाया। उन्होंने 30 से अधिक निकायों में भाजपा के निर्विरोध निर्वाचन को भी पार्टी के समर्थन का संकेत बताया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव में कांग्रेस ने न तो घोषणा पत्र जारी किया और न ही जिला स्तर पर प्रभावी संगठनात्मक बैठकें कीं।

राजेंद्र राठौड़ ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव परिणाम का जिक्र करते हुए भी कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर भरोसा जताया है। बैठक में पंचायत चुनावों की संगठनात्मक तैयारियों, रणनीति और आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। हालिया निकाय चुनावों में 309 शहरी निकायों के परिणाम में भाजपा सबसे अधिक वार्ड जीतने वाली पार्टी रही, जबकि निर्दलीय भी बड़ी संख्या में निर्वाचित हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here