जयपुर। मुहाना मंडी में मंगलवार दोपहर फल व्यापारी पर जानलेवा हमला और लूट के प्रयास का मामला सामने आया है। बदमाशों ने मंडी स्थित एक फल फर्म में घुसकर व्यापारी और उसके भाई पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
पीड़ित महेंद्र सिंह ने मुहाना थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह मुहाना मंडी स्थित अपनी लक्ष्मी फ्रूट कंपनी के कार्यालय में बैठा था। इसी दौरान वृंदावन विहार कपूरावाला निवासी रोहिताश उर्फ राहुल करीब 20 साथियों के साथ वहां पहुंचा और विवाद करते हुए हमला कर दिया। आरोप है कि कई बदमाशों ने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे।
हमले में महेंद्र सिंह के भाई बलवीर सिंह के सिर पर डंडे से वार किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और सिर में 10 टांके लगाने पड़े। बीच-बचाव में महेंद्र सिंह भी घायल हो गए तथा उनके हाथ का अंगूठा टूट गया। उस समय कार्यालय में दिनभर की बिक्री के करीब छह लाख रुपए बैंक में जमा कराने की तैयारी चल रही थी।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी नशे की हालत में थे और लूट की नीयत से आए थे। शोर-शराबा होने पर अधिकांश हमलावर मौके से फरार हो गए, जबकि व्यापारियों ने मुख्य आरोपी रोहिताश को पकड़ लिया। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में व्यापारी मुहाना थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।



















