जयपुर। कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने लंबे समय से फरार चल रहे स्टैंडिंग वारंटी और इनामी अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ज्वेलरी दुकानों में ग्राहक बनकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में जमील उर्फ बेवड़ा, नासिर उर्फ नस्सू और कयूम कुरैशी शामिल हैं। इनमें जमील उर्फ बेवड़ा और नासिर उर्फ नस्सू पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
विशेष पुलिस कमिश्नर (ऑपरेशंस) ने बताया कि सीएसटी टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर तलाश और सूचना संकलन कर कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी जमील उर्फ बेवड़ा पत्रकार कॉलोनी थाना के एक मामले में वांछित इनामी अपराधी था, जबकि नासिर उर्फ नस्सू जवाहर नगर थाना का स्टैंडिंग वारंटी था। कयूम भी आदर्श नगर थाना के मामले में वांछित चल रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि जमील उर्फ बेवड़ा अपने परिवार के सदस्यों का गिरोह बनाकर ज्वेलरी दुकानों में ग्राहक बनकर जाता था। गिरोह के सदस्य दुकान में महंगे आभूषण देखने के दौरान दुकानदार का ध्यान भटकाते थे और इसी बीच ज्वेलरी चोरी कर एक सदस्य को पहले ही वहां से रवाना कर देते थे। बाद में अन्य सदस्य छोटी-मोटी खरीदारी कर दुकान से निकल जाते थे, जिससे किसी को तुरंत शक नहीं होता था।
गिरफ्तार आरोपियों को संबंधित थानों को सुपुर्द किया गया है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी जमील उर्फ बेवड़ा के खिलाफ जयपुर और अजमेर के विभिन्न थानों में चोरी, घर में घुसकर चोरी, मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा सहित 10 से अधिक मामले दर्ज हैं। वहीं नासिर उर्फ नस्सू के खिलाफ जयपुर और अजमेर में चोरी, एनडीपीएस एक्ट, वारंटी और अन्य अपराधों के 12 मामले दर्ज हैं। कयूम कुरैशी के खिलाफ भी चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में कई प्रकरण दर्ज हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ जयपुर शहर के विभिन्न थानों में 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।


















