मोबाइल हैक कर बैंक खातों और तीन क्रेडिट कार्ड से 2.95 लाख रुपए की ठगी

0
19

जयपुर। जयपुर के जयसिंहपुरा खोर थाना इलाके में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। बदमाशों ने एक व्यक्ति का मोबाइल फोन हैक कर उसके और उसकी पत्नी के बैंक खातों से रकम निकाल ली। इसके साथ ही तीन अलग-अलग बैंकों के क्रेडिट कार्ड से भी ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर कुल 2 लाख 95 हजार रुपए की ठगी कर ली।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी रघुवीर सिंह ने बताया कि सैनी कॉलोनी सब्जी मंडी जयसिंहपुरा खोर निवासी प्रताप चंद बिस्वास (45) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 14 नवंबर को उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया गया। इसके बाद बदमाशों ने फोन-पे से जुड़े उनके और उनकी पत्नी के बैंक खातों से रुपए निकाल लिए।

पीड़ित के आईसीआईसीआई बैंक खाते से 15 हजार रुपए और बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से 95 हजार रुपए निकाल लिए गए। वहीं, आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से 1 लाख 65 हजार रुपए, एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट कार्ड से 10 हजार रुपए और बैंक ऑफ बड़ौदा के क्रेडिट कार्ड से 10 हजार रुपए का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किया गया।

पीड़ित के अनुसार आईसीआईसीआई क्रेडिट कार्ड से 16 बार 10-10 हजार रुपए और एक बार 5 हजार रुपए का ट्रांजेक्शन किया गया। इस तरह बैंक खातों और तीन क्रेडिट कार्ड के माध्यम से कुल 2 लाख 95 हजार रुपए की साइबर ठगी को अंजाम दिया गया।
जयसिंहपुरा खोर थानाधिकारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here