जयपुर। युवा मामले एवं खेल मंत्री राजस्थान सरकार कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ की पहल पर राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद द्वारा संचालित सभी खेल अकादमियों एवं क्रीड़ा संस्थानों में प्रशिक्षणरत खिलाड़ियों के लिए पहली बार विशेष पौष्टिक आहार की व्यवस्था लागू की जा रही है।
खेल मंत्री कर्नल राठौड़ ने कहा कि प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने के लिए विश्व स्तरीय प्रशिक्षण के साथ-साथ विश्वस्तरीय पोषण मिलना भी आवश्यक है। इसी सोच के साथ यह निर्णय लिया गया है।
नई डाइट योजना के अंतर्गत खिलाड़ियों को प्रतिदिन उच्च प्रोटीन एवं ऊर्जा युक्त भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें बादाम, खजूर, उबले अंडे, मौसमी फलों के जूस दिए जाएंगे। मुख्य भोजन में पनीर, मटन, चिकन, विभिन्न प्रकार की दालें, मल्टीग्रेन रोटियां तथा मौसमी सब्जियां शामिल रहेंगी। शाकाहारी एवं मांसाहारी खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग संतुलित मेन्यू तैयार किया गया है।
इसके अतिरिक्त प्रातःकालीन एवं सायंकालीन अभ्यास सत्रों के दौरान खिलाड़ियों को हाइड्रेशन बनाए रखने हेतु नींबू पानी की भी व्यवस्था रहेगी। यह डाइट चार्ट खेल पोषण विशेषज्ञों के परामर्श से तैयार किया गया है। योजना को तत्काल प्रभाव से सभी आवासीय अकादमियों में लागू किया जा रहा है। परिषद का मानना है कि बेहतर पोषण से खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता, रिकवरी एवं प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार होगा।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद द्वारा प्रदेश में विभिन्न जिलों में विभिन्न खेलों की अकादमियां और खेल संस्थान संचालित किये जा रहे है। इन अकादमियों में खिलाड़ियों को उच्च गुणवत्ता युक्त भोजन आदि परोसा जाने की व्यवस्था की जा रही है।



















