बाथरूम का दरवाजा समझ लिफ्ट शाफ्ट में गिरी बुजुर्ग महिला

0
59
Elderly woman falls into elevator shaft, mistaking it for the bathroom door.
Elderly woman falls into elevator shaft, mistaking it for the bathroom door.

जयपुर। प्रतापनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। बाथरूम जाने के दौरान अंधेरे या भ्रमवश वह बाथरूम का दरवाजा समझकर लिफ्ट का चैनल गेट खोल बैठीं और करीब 20 फीट गहरे लिफ्ट शाफ्ट में गिर गईं। हादसे के बाद उन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार द्वारिकापुरी-ई निवासी प्रभु देवी (75) गुरुवार रात घर में बाथरूम जाने के लिए निकली थीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उन्होंने लिफ्ट के चैनल गेट को बाथरूम का दरवाजा समझकर खोल दिया, जबकि उस समय लिफ्ट वहां मौजूद नहीं थी। इसके चलते वह सीधे करीब 20 फीट गहरे लिफ्ट शाफ्ट में जा गिरीं।

हादसे की सूचना कलेक्ट्रेट कंट्रोल रूम को मिली। सूचना पर सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची। शाफ्ट में करीब 10 फीट पानी भरा हुआ था, जिससे बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया। टीम ने करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद बुजुर्ग को बाहर निकालकर एंबुलेंस से आरयूएचएस अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि लिफ्ट का चैनल गेट किस परिस्थिति में खुला था और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here