जयपुर। शहर के छोटी चौपड़ स्थित कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को आतिशबाजी के दौरान एक ताजिये में अचानक आग लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और फायर कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आतिशबाजी के दौरान निकली चिंगारी ताजिये पर गिरने से आग लगी। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा लोगों से शांति और सावधानी बनाए रखने की अपील की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।



















