स्नान पूर्णिमा पर गोविंद देवजी मंदिर में होंगे ज्येष्ठाभिषेक के अलौकिक दर्शन

0
39
Varuthini Ekadashi: Panchamrit Abhishek Performed for Thakur Ji at Govind Devji Temple
Varuthini Ekadashi: Panchamrit Abhishek Performed for Thakur Ji at Govind Devji Temple

जयपुर। राजधानी के आराध्य देव श्री गोविंद देवजी महाराज के मंदिर में 29 जून को स्नान पूर्णिमा के पावन अवसर पर ज्येष्ठ शुक्ल पूर्णिमा (द्वितीय ज्येष्ठ शुक्ल 15) के उपलक्ष्य में परंपरागत ज्येष्ठाभिषेक महोत्सव श्रद्धा एवं भक्ति के साथ आयोजित किया जाएगा। मंदिर प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार श्रीमन्माधव गौड़ेश्वराचार्य महंत श्री अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में भगवान श्री गोविंद देवजी महाराज का पंचामृत अभिषेक एवं विशेष दर्शन होंगे।

मंदिर प्रशासन के अनुसार मंगला झांकी के बाद ठाकुर श्रीजी का पंचामृत अभिषेक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया जाएगा। इसके पश्चात भगवान को सफेद धोती-दुपट्टा धारण कराया जाएगा तथा फूलों से बने अलंकार, मुकुट एवं छड़ी से विशेष श्रृंगार किया जाएगा। ज्येष्ठाभिषेक के शुभ अवसर पर निज मंदिर को आम के पत्तों की बंदनवार से आकर्षक रूप से सजाया जाएगा।

राजभोग झांकी में प्रातः 11:15 बजे से 11:45 बजे तक श्रद्धालुओं को ज्येष्ठाभिषेक झांकी के दर्शन कराए जाएंगे। इस दौरान ठाकुर श्रीजी एवं राधारानीजी के करकमलों में सोने की पिचकारी सुशोभित रहेगी।

गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए भगवान को शीतलता प्रदान करने के लिए खरबूजा, तरबूज सहित ऋतुफलों, सिकरन, पूड़ी, पांच प्रकार की दाल का भिजौना, कचौरी, आमरस, ठंडाई, मठरी तथा सलोनी का विशेष भोग अर्पित किया जाएगा।

दर्शन पुनः खुलने पर कमलाकार सिंहासन में विराजित ठाकुर श्री गोविंद देवजी महाराज एवं राधारानीजी के समक्ष पंचामृत अभिषेक के दर्शन होंगे। इस दौरान पांच वैदिक ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार किया जाएगा। महंत श्री अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में युगल सरकार का पंचामृत अभिषेक संपन्न होने के बाद श्रद्धालु महाआरती के दर्शन का लाभ प्राप्त करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here