जयपुर। वैश्विक फंड एडमिनिस्ट्रेशन और फिनटेक क्षेत्र की अग्रणी कंपनी फॉर्मिडियम ने शनिवार को जयपुर के ऐतिहासिक सिटी पैलेस में अपना 10वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। समारोह में भारत, अमेरिका, कनाडा, सिंगापुर, स्विट्जरलैंड सहित कई देशों से आए अधिकारियों, कर्मचारियों और अतिथियों ने भाग लेकर कंपनी की दस वर्षों की उपलब्धियों का जश्न मनाया।
इस अवसर पर कंपनी ने अपनी विकास यात्रा, नवाचार और भविष्य की वैश्विक विस्तार योजनाओं को साझा किया। साथ ही वर्ल्ड ट्रेड पार्क (डब्ल्यूटीपी) के निकट जीटी लैंडमार्क्स स्थित नए अत्याधुनिक कार्यालय में स्थानांतरण की घोषणा भी की, जहां कर्मचारियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा।
कार्यक्रम में राजस्थानी पारंपरिक स्वागत, लोक नृत्य, सैंड आर्ट, लाइव म्यूजिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आकर्षण बिखेरा। इसके बाद रात्रिभोज और आफ्टर पार्टी में देश-विदेश से आए मेहमानों ने सहभागिता की।
कंपनी प्रबंधन ने कहा कि पिछले दस वर्षों में फॉर्मिडियम ने नवाचार और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं के बल पर वैश्विक पहचान बनाई है। आने वाले समय में नई तकनीकों को अपनाते हुए कंपनी अपने अंतरराष्ट्रीय विस्तार को और गति देगी तथा विश्वस्तरीय वित्तीय प्रौद्योगिकी समाधान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। समारोह ने विभिन्न देशों से आए कर्मचारियों के बीच आपसी संवाद और सहयोग को भी नई मजबूती प्रदान की।



















