जयपुर। जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने केशव विद्यापीठ रोड पर मिले एक ब्लाइंड मर्डर का महज चार घंटे में पर्दाफाश करते हुए मृतक के भतीजे और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने शराब और पुरानी रंजिश के चलते ताऊ की पत्थरों से सिर कुचलकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को बुरी तरह क्षत-विक्षत कर दिया, जिससे उसकी शिनाख्त करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया।
पुलिस के अनुसार 28 जून को केशव विद्यापीठ रोड पर एक सड़ी-गली अवस्था में अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। शव की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने करीब 750 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, आसपास के क्षेत्रों में डोर-टू-डोर सर्वे किया तथा विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया। इन प्रयासों के बाद मृतक की पहचान बिहार निवासी जयप्रकाश कुमार के रूप में हुई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात से पहले जयप्रकाश कुमार को उसके भतीजे नीतिश और उसके साथी विकास के साथ देखा गया था। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक अक्सर विकास की मजदूरी के पैसे छीनकर शराब पी जाता था और उसके साथ मारपीट भी करता था। वहीं, भतीजे नीतिश की भी ताऊ से आए दिन कहासुनी होती रहती थी। इसी पुरानी रंजिश और नाराजगी के चलते दोनों ने 25 जून की रात हत्या की साजिश रची।
आरोपियों ने सुनसान स्थान पर जयप्रकाश कुमार के सिर पर पत्थरों से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव की पहचान मिटाने के लिए उसे बुरी तरह क्षत-विक्षत कर मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
वारदात के बाद दोनों आरोपी बिहार भागने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे में ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



















