जयपुर में सफाई कर्मचारियों का आंदोलन तेज, जयपुर में ठप रही सफाई व्यवस्था

0
42
Sanitation workers' protest intensifies in Jaipur.
Sanitation workers' protest intensifies in Jaipur.

जयपुर। राजधानी जयपुर सहित प्रदेशभर में सफाई कर्मचारियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। संयुक्त वाल्मीकि एवं सफाई श्रमिक संघ के आह्वान पर सफाई कार्य का बहिष्कार तीसरे दिन भी जारी रहा। नगर निगम ग्रेटर और हेरिटेज सहित विभिन्न निकायों में सफाई व्यवस्था प्रभावित रही, जिससे कई इलाकों में कचरे के ढेर लग गए और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

सोमवार को सांगानेर जोन स्टेडियम में बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी एकत्र हुए। इस दौरान हाल ही में आंदोलन से जुड़े दिवंगत कर्मियों राहुल आदिवाल और विशाल चांदवरिया को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद कर्मचारियों ने सांगानेर जोन स्टेडियम से मुख्य बाजार होते हुए सांगानेर मंडी तक आक्रोश रैली निकाली और अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया।

सफाई कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन और सफाई कार्य का बहिष्कार जारी रहेगा। आंदोलन के समर्थन में दौसा, लालसोट, हिंडौन, धौलपुर, करौली, गंगापुर, चूरू, बस्सी सहित प्रदेश के कई शहरों में भी प्रदर्शन किए गए।

संघ की ओर से आंदोलन के लिए प्रत्येक कर्मचारी से 10 रुपये सहयोग राशि देने का भी आह्वान किया गया है। वहीं मंगलवार से आंदोलन को और तेज करते हुए सिविल लाइंस जोन में पीडब्ल्यूडी चौराहा (पंडित जी चौराहा, हसनपुरा) से प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद जलेबी चौक स्थित हेरिटेज मुख्यालय पर 24 घंटे का महापड़ाव शुरू होगा, जिसमें सफाई कर्मचारी, पदाधिकारी और संघर्ष समिति के सदस्य लगातार धरना देंगे।

आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए कर्मचारियों में भारी आक्रोश बना हुआ है और कई स्थानों पर विरोध कार्यक्रम लगातार जारी हैं। सफाई कर्मचारियों के आंदोलन के चलते शहर के कई इलाकों में कचरा उठाव प्रभावित हुआ है। यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आने वाले दिनों में शहर की सफाई व्यवस्था और अधिक प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here