जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए नगर निगम जयपुर के सिविल लाइन जोन में पदस्थापित कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) संजय कुमार बैरवा को अस्सी हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर निर्माणाधीन मकान को सील नहीं करने और निर्माण कार्य नहीं रुकवाने की एवज में दो लाख रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि आरोपी की कार के डैशबोर्ड से बरामद की गई। मामले में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दीनदयाल को भी डिटेन कर पूछताछ की जा रही है।
एसीबी पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसने पुराने क्षतिग्रस्त मकान को ध्वस्त कर नया मकान बनाने के लिए नगर निगम सिविल लाइन जोन में भवन निर्माण स्वीकृति के लिए आवेदन किया था। करीब चार माह बाद मकान की सील खोली गई और बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर तथा प्रथम तल के निर्माण की स्वीकृति भी मिल गई। इसके बावजूद 3 जून 2026 को जेईएन संजय कुमार बैरवा और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दीनदयाल निर्माण स्थल पर पहुंचे तथा मकान को दोबारा सील करने, गार्ड बैठाने और निर्माण कार्य रुकवाने की धमकी दी।
शिकायत के अनुसार आरोपी जेईएन ने स्वयं तथा तत्कालीन उपायुक्त (डीसी) सुनील बैरवा के नाम पर दो लाख रुपए की रिश्वत मांगी। शिकायत के गोपनीय सत्यापन के दौरान 4 जून 2026 को एक लाख रुपए की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। आरोपी के कहने पर दीनदयाल ने 20 हजार रुपए की रिश्वत भी प्राप्त की थी। बाद में सह-परिवादी से उसके पिता के मकान को सील नहीं करने, सील खुलवाने और निर्माण कार्य निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए शेष रिश्वत राशि की मांग की गई।
एसीबी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत कौशिक के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक अर्चना मीणा की टीम ने ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी संजय कुमार बैरवा ने अपनी मारुति कार का लॉक खोलकर सह-परिवादी से 80 हजार रुपए की रिश्वत राशि गाड़ी के गियर के पास स्थित डैशबोर्ड में रखवाई और कार लॉक कर दी।
एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए डैशबोर्ड से 80 हजार रुपए बरामद किए। जांच में डैशबोर्ड के धौवन का रंग गुलाबी पाया गया। आरोपी के पर्स से 27,400 रुपए की संदिग्ध नकद राशि भी बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि परिवादी का कार्य आरोपी के पास लंबित था। एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। वहीं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दीनदयाल से भी पूछताछ जारी है।



















