जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो )ने भीलवाड़ा में कार्रवाई करते हुए एक पुलिसकर्मी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान तपेश गोसाई, प्रधान आरक्षी (नंबर 212), पुलिस थाना औद्योगिक क्षेत्र रतलाम (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।
एसीबी डीजी गोविंद गुप्ता के अनुसार भीलवाड़ा-द्वितीय इकाई द्वारा यह ट्रैप कार्रवाई की गई। शिकायत के अनुसार रतलाम में दर्ज एक प्रकरण के अनुसंधान के दौरान आरोपी पुलिसकर्मी द्वारा परिवादी से अवैध रूप से रिश्वत की मांग की जा रही थी। आरोपी द्वारा परिवादी के भाई के साथ मारपीट नहीं करने तथा प्रकरण में गिरफ्तार व्यक्ति की मदद करने की एवज में 1 लाख 10 हजार रुपये की मांग की गई थी।
शिकायत के बाद प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। योजना के तहत पहले 10 हजार रुपये आरोपी द्वारा ले लिए गए थे, जबकि शेष राशि में से 50 हजार रुपये लेते समय एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। बरामद राशि आरोपी की वर्दी की पैंट की जेब से प्राप्त हुई।
यह कार्रवाई एसीबी अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस नारायण सिंह टोगस के सुपरविजन में तथा भीलवाड़ा-द्वितीय के उप अधीक्षक पुलिस नरपत सिंह चारण के नेतृत्व में की गई।



















