पंच कुंडीय यज्ञ में पर्यावरण संरक्षण के साथ दिया गौसंवर्धन और गोमय समिधा अपनाने का संदेश

0
218

जयपुर। वैश्विक पर्यावरण संरक्षण एवं गौसंवर्धन के पावन उद्देश्य से ‘गौमाया’ संस्था की ओर से चलाई जा रही 51 पंच कुंडीय यज्ञों की विशेष श्रृंखला के अंतर्गत 46वां यज्ञ हीरापुरा स्थित रजनी विहार के शिव मंदिर परिसर में श्रद्धापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान आचार्य पूरण पारीक ने पूरी निष्ठा, वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ यज्ञ सम्पन्न कराया। इस यज्ञ में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं और प्रबुद्धजनों ने भाग लिया।

सभी ने विश्व शांति, पर्यावरण संरक्षण तथा गौसंवर्धन की मंगल कामना के साथ यज्ञ कुंड में पवित्र आहुतियां अर्पित कीं। यज्ञ में सम्मिलित हुए श्रद्धालुओं ने वर्तमान समय में पर्यावरण के समक्ष खड़ी चुनौतियों को देखते हुए गोमय आधारित पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इसके साथ ही समाज में गौसंरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का भी सामूहिक संकल्प किया गया।

गौमाया संस्था के फाउंडर डॉ. सीताराम गुप्ता ने इस अभियान के मुख्य उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस जनजागरण अभियान को घर-घर तक पहुंचाने और पर्यावरण को बचाने के लिए गोमय समिधा के माध्यम से अंतिम संस्कार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह यज्ञ श्रृंखला आयोजित की जा रही है, ताकि पेड़ों की कटाई को कम किया जा सके। इस सफल आयोजन और व्यवस्थाओं में संजय शर्मा, बंटी पंडित, विक्रम सिंह सहित शिव मंदिर सेवा समिति के सभी सदस्यों का विशेष और सराहनीय सहयोग रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here