जयपुर। जयपुर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के खेजरोली कस्बे की लेसवा ढाणी में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। जहां खेत में बने फार्म पॉन्ड में एक विवाहिता और उसकी दो मासूम बेटियों के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस, एफएसएल टीम और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा साक्ष्य जुटाकर तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गोविंदगढ़ के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया।
थानाधिकारी विनोद सांखला ने बताया कि मृतका की पहचान पूजा यादव (25) निवासी खुर्रमपुर के रूप में हुई है। उसके साथ उसकी ढाई वर्षीय बेटी चित्रांशी और आठ माह की हर्षिता के शव भी फार्म पॉन्ड से बरामद हुए। ग्रामीणों की मदद से तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही वृत्ताधिकारी शिव शर्मा ने भी मौके का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद की आशंका सामने आई है, हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल रिपोर्ट तथा परिजनों के बयान के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
पुलिस के अनुसार पूजा यादव की शादी करीब छह वर्ष पहले हुई थी। महिला के पीहर पक्ष को सूचना दे दी गई है और उनकी ओर से दी जाने वाली रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह भी जांच की जा रही है कि महिला अपनी दोनों बच्चियों के साथ खेत स्थित फार्म पॉन्ड तक कैसे पहुंची।
इस हृदय विदारक घटना से पूरे खेजरोली क्षेत्र में शोक की लहर है। गांव में दिनभर लोगों की भीड़ लगी रही और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध नजर आया।



















