जयपुर। चौड़ा रास्ता स्थित श्री मुरली मनोहर जी मंदिर पंचायत ठठेरान की ओर से जयपुर शहर की सांसद मंजू शर्मा को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना में ठठेरा/कसेरा समाज को शामिल किए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि सांसद के 13 जून 2026 को मंदिर परिसर आगमन पर ठठेरा समाज द्वारा उनका स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया था। समाज ने सांसद की सादगी, सौम्यता और आत्मीय व्यवहार की सराहना की।
समाज प्रतिनिधियों ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संचालित पीएम विश्वकर्मा योजना में सुनार, लुहार, बढ़ई, दर्जी, कुम्हार, तेली सहित कई पारंपरिक कारीगर समुदायों को शामिल किया गया है, लेकिन सदियों से हाथ से पीतल, तांबा और कांसे के बर्तन एवं कलात्मक वस्तुओं का निर्माण करने वाले ठठेरा/कसेरा समाज को अभी तक योजना में शामिल नहीं किया गया है।
समाज का कहना है कि यह समुदाय अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) में आता है और अन्य कई कारीगर जातियों को योजना का लाभ मिल रहा है, ऐसे में उन्हें भी योजना में शामिल किया जाना आवश्यक है, ताकि पारंपरिक कारीगरों को कौशल विकास, वित्तीय सहायता एवं सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।



















