जयपुर। करणी सेना की महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष कीर्ति राठौर ने राजपूत समाज से जुड़े कथित आपत्तिजनक फिल्मी चित्रण पर नाराजगी जताते हुए फिल्म निर्माताओं पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर ऐसी फिल्में बनाते हैं,जिनमें राजपूत समाज से जुड़े विवादित प्रसंग शामिल किए जाते हैं,ताकि विरोध के जरिए फिल्म का प्रचार-प्रसार हो सके।
राठौड ने दावा किया कि उन्हें ऐसा प्रतीत होता है कि इस प्रकार की फिल्में राजनीतिक एजेंडे के तहत बनाई जाती हैं। उनका कहना था कि राजपूत समाज की बड़ी आबादी राजस्थान,उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में है तथा आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस तरह के मुद्दों का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने फिल्म निर्माताओं से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी फिल्म में राजपूत समाज की भावनाओं को आहत करने वाली सामग्री है तो उसे तत्काल सुधार लिया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो करणी सेना अपने स्तर पर विरोध दर्ज कराएगी।



















