मृत महिला को कागजों में जिंदा रखकर लाखों की पेंशन हड़पने वाले गिरफ्तार

0
54
Individuals who embezzled pensions worth lakhs arrested.
Individuals who embezzled pensions worth lakhs arrested.

जयपुर। जवाहर नगर थाना पुलिस ने मृत महिला को कागजों में जीवित दिखाकर उसके खाते से 6.30 लाख रुपये की पेंशन राशि हड़पने के मामले का खुलासा करते हुए मृतका के बेटे, उसकी महिला मित्र और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के तत्कालीन बैंक अधिकारी को गिरफ्तार किया है। बैंक की विभागीय जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपी अधिकारी को पहले निलंबित किया जा चुका था और उसकी सेवानिवृत्ति भी रोक दी गई थी।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि एसबीआई राजापार्क शाखा के वर्तमान प्रबंधक तपिश श्रीवास्तव ने 9 जनवरी 2024 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि शांति देवी का निधन 2 मई 2021 को हो चुका था, लेकिन परिजनों ने इसकी सूचना बैंक या संबंधित विभाग को नहीं दी। इसके बजाय फर्जी जीवित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत कर नगर निगम से पेंशन जारी रखवाई गई और एटीएम के जरिए खाते से लगातार राशि निकाली जाती रही।

जांच में यह भी सामने आया कि तत्कालीन बैंक अधिकारी सिराज अहमद कुरैशी ने मृतका के फर्जी हस्ताक्षर कर वाउचर तैयार किए और जुलाई, अगस्त व सितंबर 2023 में तीन किस्तों में कुल 73,500 रुपये अपने निजी एसबीआई खाते में ट्रांसफर कर लिए। इस तरह आरोपियों ने कुल 6.30 लाख रुपये का गबन किया। गिरफ्तार आरोपियों में भट्टा बस्ती निवासी तत्कालीन बैंक अधिकारी सिराज अहमद कुरैशी (56), गौतम नगर निवासी मृतका का बेटा लालचंद (45) तथा करणी विहार निवासी खुशबू दीक्षित उर्फ नेहा (42) शामिल हैं।

पुलिस ने तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक न्यासभंग, लोकसेवक द्वारा आपराधिक न्यासभंग और आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी सरला यादव के साथ कॉन्स्टेबल धर्मपाल, मुकेश कुमार, श्रीराम, हनुमान और महिला कॉन्स्टेबल कमोद शामिल रहे। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here