जयपुर। शहर के मुरलीपुरा थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक कांस्टेबल को रेड लाइट जंप करने से रोकना महंगा पड़ गया। रेड लाइट पार कर रहे ऑटो रिक्शा चालक ने रुकने के बजाय तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाते हुए कांस्टेबल के पैर पर ऑटो चढ़ा दिया और मौके से फरार हो गया। घायल पुलिसकर्मी का प्राथमिक उपचार कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक और ऑटो रिक्शा की तलाश शुरू कर दी है।
हेड कांस्टेबल शिवराम ने बताया कि हरमाड़ा निवासी कल्याण सिंह (50) जयपुर वेस्ट ट्रैफिक पुलिस में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। घटना के समय वह अलका तिराहे पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान खेतान की ओर से आ रहा एक ऑटो रिक्शा रेड लाइट की अनदेखी करते हुए मुरलीपुरा की ओर निकलने लगा।
ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते देख कांस्टेबल कल्याण सिंह ने ऑटो चालक को रुकने का संकेत दिया। आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज गति से ऑटोरिक्शा आगे बढ़ा दिया और कांस्टेबल के पैर पर चढ़ाते हुए मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कांस्टेबल को नजदीकी अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया। इसके बाद पीड़ित कांस्टेबल की शिकायत पर मुरलीपुरा थाना पुलिस ने ऑटो रिक्शा चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक व ऑटो रिक्शा की तलाश में जुटी हुई है।



















