जयपुर। पुलिस कमिश्नरेट की रिजर्व पुलिस लाइन चांदपोल स्थित डिस्पेंसरी में मंगलवार को एमएस क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान, बनीपार्क के सहयोग से निःशुल्क आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित शिविर में पुलिस कार्मिकों एवं उनके परिजनों को विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श और नि:शुल्क औषधियां उपलब्ध कराईं।
पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) राजेश कुमार काँवत ने बताया कि शिविर का संचालन संस्थान के निदेशक डॉ. बी.एल. मीणा के नेतृत्व में किया गया। चिकित्सा दल में डॉ. विनोद कुमार, डॉ. मोनिका कुमारी और डॉ. उमेश कुमार शामिल रहे।
शिविर में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, गठिया, त्वचा रोग, अर्श (पाइल्स), श्वास संबंधी रोग, स्त्री रोग, हड्डी एवं जोड़ संबंधी समस्याओं के साथ-साथ वात, पित्त और पेट संबंधी विभिन्न बीमारियों की निःशुल्क जांच की गई। मरीजों के खून की जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श तथा आवश्यक आयुर्वेदिक औषधियां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
शिविर का लाभ 380 पुलिस कार्मिकों एवं उनके परिजनों ने उठाया। सभी ने स्वास्थ्य जांच कराकर विशेषज्ञों से परामर्श प्राप्त किया।
शिविर के सफल आयोजन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पार्थ शर्मा एवं अशोक चौहान, पुलिस निरीक्षक सपना पूनिया तथा पुलिस लाइन डिस्पेंसरी के डॉ. गिरिराज शर्मा और डॉ. अखिलेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने ऐसे स्वास्थ्य शिविरों को पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में उपयोगी पहल बताया।



















