ई-रिक्शा चालकों के लिए यादगार भवन में आज से लर्निंग लाइसेंस शिविर

0
35

जयपुर। शहर में ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने और यातायात व्यवस्था सुगम बनाने के लिए यातायात पुलिस ने ई-रिक्शा चालकों के लिए विशेष लर्निंग लाइसेंस शिविर शुरू करने की पहल की है। परिवहन विभाग की ओर से 25 अगस्त से अजमेरी गेट स्थित यातायात नियंत्रण कक्ष (यादगार भवन) में शिविर लगाया जाएगा। यहां सुबह 10 से शाम 5 बजे तक ई-रिक्शा चालकों के लर्निंग लाइसेंस बनाए जाएंगे।

पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के निर्देश पर ई-रिक्शा के लिए क्यूआर कोड डिजिटल मैनेजमेंट सिस्टम के तहत जोनवार आवंटन की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके लिए 1 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं। आवेदनों की जांच में सामने आया कि बड़ी संख्या में ई-रिक्शा चालकों के पास ई-रिक्शा श्रेणी का ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है। इसे देखते हुए डिजिटल मैनेजमेंट प्रक्रिया में ही लर्निंग लाइसेंस बनवाने की सुविधा जोड़ी गई है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त यातायात एवं प्रशासन प्रदीप मोहन शर्मा के पर्यवेक्षण और पुलिस उपायुक्त यातायात योगेश गोयल के निर्देशन में शुरू किए जा रहे शिविर में चालकों को ई-रिक्शा और लाइसेंस से संबंधित आवश्यक मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे। यातायात पुलिस ने चालकों से जल्द से जल्द लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ई-रिक्शा के डिजिटल जोन आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बिना पंजीकरण या निर्धारित जोन से बाहर संचालन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे ई-रिक्शा ब्लैकलिस्ट भी किए जा सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here