सवारी बनकर बैठे बदमाश ने चाकू की नोक पर ऑटो चालक से लूटे 12 हजार रुपए

0
43

जयपुर। जयसिंहपुरा खोर थाना इलाके में सवारी बनकर ऑटोरिक्शा में बैठे दो बदमाशों ने चालक को सुनसान कच्चे रास्ते पर ले जाकर लूट लिया। बदमाशों ने चालक के विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की और गले पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी।

इसके बाद जेब में रखे 500 रुपए लूट लिए और ऑनलाइन भुगतान ऐप का पासवर्ड पूछकर बैंक खाते से 11 हजार 600 रुपए ट्रांसफर कर लिए। वारदात के बाद दोनों बदमाश चालक को धक्का देकर गिराकर फरार हो गए। पीड़ित ने शुक्रवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जांच अधिकारी एएसआई रतनलाल ने बताया कि गोनेर के बीमलपुरा निवासी सूर्यदेव साव (35) ऑटोरिक्शा चलाता है। 6 अक्टूबर को सुबह करीब 3 बजे वह सिंधी कैंप बस स्टैंड के बाहर खड़ा था। इसी दौरान दो युवक उसके पास आए और लालवास स्थित सीआरपीएफ कैंप तक जाने के लिए ऑटो का किराया पूछा। दोनों के बीच 300 रुपए किराया तय हुआ।

इसके बाद चालक दोनों को ऑटो में बैठाकर लालवास के लिए रवाना हो गया। लालवास पहुंचने पर दोनों युवकों ने चालक से ऑटोरिक्शा कच्चे रास्ते से अंदर ले जाने को कहा। सुनसान रास्ते में पहुंचने पर उन्होंने ऑटो रुकवा लिया और चालक को धमकाते हुए उसके पास मौजूद सामान देने को कहा। चालक ने विरोध किया तो दोनों बदमाशों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक बदमाश ने जेब से चाकू निकालकर चालक के गले पर लगा दिया और जान से मारने की धमकी दी।

बदमाशों ने चालक की जेब में रखे 500 रुपए निकाल लिए। इसके बाद चाकू की नोक पर उससे ऑनलाइन भुगतान ऐप का पासवर्ड पूछा और खाते से 11 हजार 600 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश चालक को धक्का देकर गिराकर मौके से फरार हो गए।

पीड़ित सूर्यदेव साव ने शुक्रवार को जयसिंहपुरा खोर थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद से पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही बदमाशों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here