अंतरराज्यीय गिरोह का किया पर्दाफाश: दो आरोपी गिरफ्तार और एक नाबालिग निरुद्ध

0
44

जयपुर। बनीपार्क थाना पुलिस ने कूरियर ऑटो से चांदी के आभूषणों से भरे पार्सल चोरी करने के मामले में अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया है। आरोपियों के कब्जे से अब तक करीब 10 किलोग्राम चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि परिवादी की फर्म पर काम करने वाले कर्मचारी ने अपने गांव के दोस्त के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची थी।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि मुरलीपुरा निवासी रवि कुमार ने बनीपार्क थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसने सुभाष नगर शॉपिंग सेंटर स्थित न्यू नीलकंठ एयर सर्विस से 30 सितंबर 2026 को अहमदाबाद, सूरत और मुंबई भेजने के लिए पार्सल बुक किए गए थे। कंपनी का स्टाफ इन पार्सलों को लोडिंग ऑटो से कलेक्टर सर्किल ले जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में बदमाशों ने ऑटो से पांच पार्सल चोरी कर लिए। इनमें से तीन पार्सलों में करीब 20 किलोग्राम चांदी के आभूषण और अन्य सामान था। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए बनीपार्क थानाधिकारी सुरेश कुमार यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच में सामने आया कि परिवादी की फर्म पर काम करने वाले कर्मचारी ने अपने गांव के दोस्त प्रिंस के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी।
योजना के अनुसार 30 सितंबर की रात करीब 10:45 बजे बदमाशों ने बनीपार्क के हाथी बाबू मार्ग पर प्लॉट नंबर डी-42 के सामने अंधेरे का फायदा उठाया। उन्होंने लोडिंग ऑटो से पार्सल चुराए और कार में बैठकर फरार हो गए।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही संदिग्धों की आवाजाही का रूट मैप तैयार किया। इसके बाद दिल्ली, गुड़गांव, जमुई, सोनपुर, छपरा, वैशाली और उत्तर प्रदेश के गोंडा सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई।

तकनीकी सहायता और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दो मुख्य आरोपी दीपक सिंह उर्फ शंकर (33) निवासी उमरी बेगमगंज जिला गोंडा (उत्तर प्रदेश) और प्रिंस कुमार (22) निवासी गिधौर जिला जमुई (बिहार)हाल अलीपुर बाहरी उत्तर दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया, जबकि वारदात में शामिल एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चोरी की इस वारदात के बाद सूरत जाकर एक और बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अब तक करीब 10 किलोग्राम चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद किया है। शेष सामान की बरामदगी और वारदात में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here