जयपुर। राजधानी जयपुर में सोमवार को सुबह से तेज गर्मी और उमस के बाद दोपहर बाद मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। करीब ढाई से तीन बजे के बीच शहर के कई इलाकों में बारिश हुई। अचानक हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई और गर्मी से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश के बाद कुछ समय के लिए मौसम सुहाना हो गया और ठंडी हवाओं से वातावरण में ठंडक महसूस हुई।
सुबह से ही तेज धूप के कारण लोग गर्मी और उमस से परेशान थे। दोपहर बाद आसमान में अचानक बादल छाने लगे और कुछ ही देर में बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते सड़कों पर आवाजाही कर रहे लोगों को बचने के लिए आसपास की दुकानों और अन्य स्थानों का सहारा लेना पड़ा। वहीं, कई लोग बारिश का आनंद लेते भी नजर आए।
शहर के विभिन्न इलाकों में हुई बारिश के बाद मौसम में बदलाव साफ दिखाई दिया। लंबे समय से गर्मी और उमस झेल रहे लोगों के लिए बारिश राहत लेकर आई। हालांकि बारिश का दौर बहुत ज्यादा देर तक नहीं चला, लेकिन इससे तापमान में कमी महसूस हुई।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जयपुर में सोमवार को हल्की बारिश और बूंदाबांदी के आसार जताए गए थे। विभाग के अनुसार जयपुर में अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान था। आगामी दिनों में भी जयपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहने तथा कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है।


















