पवित्रा एकादशी: पंचामृत अभिषेक के बाद लाल नटवर वेश में सजे गोविंद देवजी

0
30
Pavitra Ekadashi: Govind Devji adorned in the red 'Natvar' attire following the Panchamrit Abhishekh.
Pavitra Ekadashi: Govind Devji adorned in the red 'Natvar' attire following the Panchamrit Abhishekh.

जयपुर। जयपुर के आराध्य देव ठिकाना मंदिर श्री गोविंद देवजी महाराज (जयनिवास बाग) में सोमवार को श्रावण शुक्ल एकादशी यानी पवित्रा एकादशी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंगला झांकी के बाद ठाकुर श्रीजी का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंचामृत अभिषेक किया गया। अभिषेक के बाद ठाकुर श्रीजी को लाल रंग की विशेष नटवर वेश पोशाक, एकादशी का नटवर मुकुट और छड़ी धारण कराई गई।

मंदिर के सेवा अधिकारी मानस गोस्वामी के अनुसार शृंगार झांकी के दौरान जगमोहन चौक स्थित ठाकुर श्रीजी के समक्ष पवित्रा मालाओं का पूजन पवित्राधिवास शास्त्रीय विधि-विधान से श्रीमन्माधव गौड़ेश्वराचार्य महंत अंजन कुमार गोस्वामी ने कराया। मंदिर में पवित्रा एकादशी के अवसर पर श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ रही और भक्तों ने ठाकुर श्रीजी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

मंदिर प्रशासन के अनुसार ग्वाल झांकी में ठाकुर श्रीजी और श्री राधारानी के निकुंज लीला भाव के दर्शन होंगे। वहीं हिंडोलउत्सव श्रृंखला का भी शुभारंभ हुआ। इसके तहत ठाकुर श्रीजी के दरबार को निकुंज भाव से सजाया जाएगा। प्रभु को फूलों से निर्मित विशेष अलंकार, शृंगार और मुकुट धारण कराया जाएगा।

श्रावण शुक्ल द्वादशी मंगलवार को पूजित पवित्रा मालाएं धूप आरती से पूर्व ठाकुर श्रीजी को धारण कराई जाएंगी। इसी दिन श्री गोविंद देवजी श्रीविग्रह के प्राकट्यकर्ता परम आचार्य श्रील रूप गोस्वामी जी का तिरोभाव उत्सव भी श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा। मंगलवार को ग्वाल झांकी के समय श्रद्धालुओं को ‘चौंसठ महंत भोग’ के विशेष दर्शन होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here