गोविंद देव जी मंदिर में संपन्न हुआ निशुल्क पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ

0
26

जयपुर। आराध्य देव प्रभु श्री गोविंद देव जी मंदिर परिसर में एकादशी के पावन अवसर पर भव्य निशुल्क पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के पावन सानिध्य में आयोजित इस महायज्ञ में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और आहुतियां देकर लोक कल्याण, देश में सुख-समृद्धि तथा परिवार की मंगलकामना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर के सेवा अधिकारी मानस गोस्वामी ने ठाकुर श्री राधा गोविंद देव जी, वेद माता मां गायत्री और गुरु सत्ता के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। यज्ञ को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कुल पांच पारियों की व्यवस्था की गई थी।

गायत्री परिवार राजस्थान की सह समन्वयिका गायत्री कचोलिया के मार्गदर्शन में अनीता महामना, सुनीता महामना और शीला महामना ने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ संपन्न कराया। तीनों सगी बहनों ने श्रद्धालुओं को यज्ञ में आहुति देने का आध्यात्मिक व वैज्ञानिक महत्व समझाया। इस दौरान अनीता महामना ने तबला वादन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कई श्रद्धालुओं ने इस अवसर पर भारतीय संस्कृति की परंपरा के अनुसार यज्ञ में भाग लेकर अपना जन्मदिन संस्कार भी संपन्न कराया।

समारोह को संबोधित करते हुए गायत्री कचोलिया ने कहा कि यज्ञ केवल एक कर्मकांड नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण की शुद्धि, विचारों के परिष्कार और लोकमंगल की भावना को जगाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि यज्ञ में आहुति देने के साथ ही मनुष्य को अपने भीतर के नकारात्मक विचारों का त्याग कर जीवन में सेवा, संयम और सद्भाव अपनाने का संकल्प लेना चाहिए।

पूर्णाहुति के पश्चात गायत्री शक्ति पीठ ब्रह्मपुरी के दिनेश आचार्य ने प्रेरणादायी प्रज्ञा गीतों की संगीतमय प्रस्तुति दी, जिसके माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिकता और सेवा का संदेश मिला।

वहीं, गायत्री चेतना केंद्र जनता कॉलोनी की ओर से एक साहित्य स्टॉल लगाई गई, जहां धार्मिक साहित्य, बलिवैश्व पात्र, प्रज्ञा पेय और हवन सामग्री लागत मूल्य पर उपलब्ध कराई गई। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में रामबाबू खंडेलवाल, महेंद्र खंडेलवाल, शीला खंडेलवाल, फूलचंद सैनी, सतीश शर्मा, ज्योति शर्मा और ज्योति सोनी सहित कई कार्यकर्ताओं ने अपनी सेवाएं दीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here