बाइक टैक्सी सवार युवती को ट्रेलर ने कुचला

0
42

जयपुर। श्याम नगर थाना क्षेत्र में जयपुर-अजमेर रोड पर बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक टैक्सी को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार 19 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

एएसआई वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि हादसा बुधवार दोपहर करीब 3:45 बजे 200 फीट बाईपास के पास हुआ। मृतका की पहचान भारती सैनी (19) निवासी गीजगढ़ दौसा के रूप में हुई है। वह अजमेर रोड स्थित महिंद्रा सेज के एक वेयरहाउस में कार्यरत थी और भांकरोटा जाने के लिए ऑनलाइन बाइक टैक्सी बुक की थी।

एएसआई वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि बाइक चालक नवदीप भारती को लेकर हीरापुरा बाईपास से गुजर रहा था। घटनास्थल पर सड़क निर्माण कार्य के चलते वाहन खड़े थे। इसी दौरान बाइक चालक ने वाहन दाईं ओर मोड़ा तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद भारती सड़क पर गिर गई और ट्रेलर उसके सिर व चेहरे को कुचलता हुआ निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक चालक बाईं ओर गिरने से बच गया, हालांकि वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नवदीप को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि हादसे की सूचना देने के बावजूद पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर देरी से पहुंची। उनका कहना है कि युवती का शव काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा, जिसे स्थानीय लोगों ने कपड़े से ढक दिया।

उधर डीसीपी (यातायात) योगेश गोयल ने कहा कि लगातार दो दिनों में हुए सड़क हादसे बेहद दुखद हैं। जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां रोड इंजीनियरिंग की खामियों की जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि यह जटिल यातायात बिंदु है, जहां शहर और फ्लाईओवर से आने वाला ट्रैफिक एक साथ अजमेर रोड पर मिलता है।

डीसीपी ने बताया कि इस संबंध में एनएचएआई और जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) के अधिकारियों के साथ गुरुवार को संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा। उद्देश्य रोड इंजीनियरिंग में सुधार कर इस ब्लैक स्पॉट को सुरक्षित बनाना और भविष्य में दुर्घटनाओं पर रोक लगाना है। पुलिस ने दोनों हादसों के संबंध में प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here