जयपुर। उमस और गर्मी के मौसम में भगवान को शीतलता एवं सुगंध अर्पित करने की सनातन परंपरा के तहत, छोटी चौपड़ स्थित श्री सीताराम जी मंदिर में बुधवार को ‘फूल बंगला महोत्सव’ श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे और सुगंधित पुष्पों से सजाया गया, जिससे मंदिर का वातावरण इत्र की खुशबू और भक्ति रस से सराबोर हो उठा।
समाज श्री सीतारामजी’ के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में प्रसिद्ध फूल बंगला शिल्पकार भरत शर्मा और उनकी टीम ने अपनी कला का बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने लगभग 100 किलोग्राम मोगरा, जूही, खस, कड़ेल और गुलाब के ताजे फूलों का उपयोग कर आकर्षक झरोखों वाला एक भव्य फूल बंगला तैयार किया। मंदिर के महंत नंदकिशोर शर्मा ने ठाकुरजी को विशेष पोशाक धारण कराई, उनका मनोहारी श्रृंगार किया और उन्हें इस दिव्य फूल बंगले में विराजमान कराया।
गर्मी से शीतलता प्रदान करने के लिए ठाकुरजी को विशेष रूप से विभिन्न प्रकार के मौसमी फल और उनके रस आंवला एवं बेल के ठंडे मुरब्बे जयपुर की प्रसिद्ध दाल-बाटी-चूरमा का महाभोग लगाया गया।
संस्था के अध्यक्ष नवल किशोर झालानी ने बताया कि समाज के भजन गायकों ने अनेक राग-रागिनियों में पारंपरिक फूल बंगला पदों का गायन कर श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया। गायकों ने दिखाओ मौज बंगले की पिया ऋतु है गर्मी की, किया सुमन श्रृंगार सिया ने, निरखो फूलों का बंगला में सियाराम बिराजै छै. जैसे मधुर भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा परिसर तालियों और जयकारों से गूंज उठा।
महोत्सव में दर्शन के लिए उमड़े सभी श्रद्धालुओं का मंदिर प्रबंधन की ओर से पुष्पमालाएं पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। आरती के बाद सभी भक्तों को ठाकुरजी का विशेष प्रसाद वितरित किया गया, जिसके साथ इस भव्य धार्मिक उत्सव का समापन हुआ।



















