भ्रामक लेबल वाले 10 हजार से अधिक कैफिनेटेड बेवरेज कैन सीज

0
186

जयपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने जयपुर द्वितीय जिले के बस्सी औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रामक लेबल वाले विभिन्न कैफिनेटेड बेवरेज के 10 हजार से अधिक कैन जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान तीन प्रमुख ब्रांडों के नमूने लेकर शेष स्टॉक को सीज कर दिया गया। अब इन नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने बस्सी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित जीआरएस एंटरप्राइजेज का निरीक्षण एवं नमूनीकरण किया।

अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (जयपुर द्वितीय) डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि टीम ने रेड बुल एनर्जी ड्रिंक, कैंपा एनर्जी और प्रीडेटर एनर्जी सहित विभिन्न कैफिनेटेड बेवरेज के तीन नमूने लिए। साथ ही कुल 10,048 कैन सीज किए गए, जिनमें कैंपा एनर्जी के 4,928 कैन, प्रीडेटर एनर्जी के 3,608 कैन तथा रेड बुल के 1,512 कैन शामिल हैं।

डॉ. मित्तल ने बताया कि फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एफएसएसएआई) के अनुसार किसी भी पेय पदार्थ के लेबल पर ‘स्टिम्युलेट्स माइंड’, ‘एनर्जाइज बॉडी’, ‘एनर्जी ड्रिंक’, ‘स्पोर्ट्स ड्रिंक’ या ‘हेल्दी ड्रिंक’ जैसे दावे करना भ्रामक प्रचार की श्रेणी में आ सकता है। इस संबंध में एफएसएसएआई ने देश के प्रमुख बेवरेज ब्रांडों को नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा है।

उन्होंने बताया कि अधिक कैफीन वाले ऐसे पेय गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं तथा बच्चों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं। इसलिए लिए गए नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, जयपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश चंद यादव, अवधेश गुप्ता तथा नंदकिशोर कुमावत शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here