जयपुर। अभिनेता राघव जुयाल की आगामी फिल्म भाई तेरा स्टार है का ट्रेलर गुरुवार को रिलीज़ कर दिया गया। टीज़र के बाद जारी ट्रेलर में कॉमेडी, ड्रामा और मनोरंजन से भरपूर कहानी की झलक दिखाई गई है। ‘किल’ और ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ के बाद राघव इस बार पूरी तरह कॉमिक अवतार में नजर आएंगे।
ट्रेलर की शुरुआत संवाद “एक एक्टर का सबसे बड़ा टैलेंट होता है अपनी ही बकवास पर यकीन करना” से होती है। फिल्म में बड़े सपनों, हास्यास्पद घटनाओं और अतरंगे किरदारों के जरिए पारिवारिक मनोरंजन का तड़का लगाया गया है।
फिल्म में राघव जुयाल के साथ संजय कपूर, निहारिका एनएम, बरखा सिंह और चंदन रॉय सान्याल प्रमुख भूमिकाओं में हैं। राघव ने कहा कि ‘अजय सिंह’ का किरदार नाटकीय, अप्रत्याशित और बेहद मनोरंजक है, जिसे निभाने में उन्हें काफी आनंद आया। उन्हें उम्मीद है कि दर्शक भी फिल्म का भरपूर लुत्फ उठाएंगे।
निर्देशक विवेक बी. अग्रवाल ने कहा कि फिल्म मनोरंजन का उत्सव है, जिसमें मजेदार किरदार, अप्रत्याशित मोड़ और लगातार हंसी का माहौल देखने को मिलेगा। उनके अनुसार राघव ने अपनी कॉमिक टाइमिंग और ऊर्जा से किरदार को जीवंत बना दिया है।
ईस्टवुड पिक्चर्स प्रस्तुत इस फिल्म का निर्माण अवंतिका हरि, सुनील रुपानी और विवेक बी. अग्रवाल ने किया है, जबकि कहानी सुदीप्तो सरकार और विवेक बी. अग्रवाल ने लिखी है। ‘भाई तेरा स्टार है’ 30 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।



















