10 लाख की एमडी ड्रग्स के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

0
35

जयपुर। राजधानी में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस कमिश्नरेट स्पेशल टीम (सीएसटी) ने श्यामनगर और करणी विहार थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 10 लाख रुपये कीमत की 141.17 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ड्रग्स बिक्री के 2200 रुपये और तस्करी में प्रयुक्त एक कार भी जब्त की गई है।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन ने बताया कि सीएसटी टीम ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त गिरोहों के खिलाफ सूचना संकलित कर कार्रवाई की। संयुक्त अभियान में विक्रम सिंह भदौरिया, सुशील गुप्ता और आशीष सहारण को गिरफ्तार किया गया।

पहली कार्रवाई श्यामनगर थाना क्षेत्र में की गई। सीएसटी की सूचना पर पुलिस ने न्यू सांगानेर रोड स्थित मोटर क्राफ्ट कार डेकोर के सामने खड़ी एक मारुति स्विफ्ट डिजायर कार की तलाशी ली। कार में सवार विक्रम सिंह भदौरिया और सुशील गुप्ता के कब्जे से 34.17 ग्राम एमडी ड्रग्स, 2200 रुपये नकद तथा एचआर-55-बीए-8271 नंबर की कार बरामद की गई। इस संबंध में श्यामनगर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21 व 29 के तहत मामला दर्ज किया गया।

दूसरी कार्रवाई करणी विहार थाना क्षेत्र में गांधी पथ पर की गई। यहां संदिग्ध युवक आशीष सहारण की तलाशी में 107 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। आशीष सहारण फलोदी जिले का निवासी है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें। अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here