बातों के जाल में फंसाकर महिला के गहने ले उड़े दो शातिर बदमाश

0
52

जयपुर। महेश नगर थाना क्षेत्र में दो बदमाशों ने पता पूछने के बहाने एक महिला को बातों में उलझाकर उसके सोने के गहने ठग लिए। पीड़िता रिटायर्ड तहसीलदार की बहू है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार महेश नगर स्थित अवधपुरी निवासी सेवानिवृत्त तहसीलदार मेवाराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। शुक्रवार दोपहर करीब पौने दो बजे उनकी बहू गायत्री देवी बच्चों को स्कूल से लेने जा रही थीं। रास्ते में दो युवकों ने उन्हें रोककर किसी स्थान का पता पूछा। बातचीत के दौरान दोनों ने महिला को अपनी बातों में उलझा लिया और कहा कि उन पर भगवान की विशेष कृपा होने वाली है।

पीड़िता के अनुसार युवकों के कहने पर उन्होंने अपने हाथ की सोने की अंगूठी और नाक का सोने का कांटा उतारकर उन्हें दे दिया। इसके बाद बदमाशों ने महिला से बिना पीछे मुड़े 10-15 कदम आगे चलने को कहा। महिला के आगे बढ़ते ही दोनों आरोपी गहने लेकर फरार हो गए।

कुछ देर बाद महिला को घटना का अहसास हुआ तो वह घर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी। सूचना पर महेश नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध युवक नजर आए हैं। पुलिस उनके हुलिए के आधार पर तलाश कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here