दो शातिर नकबजन गिरफ्तार, लग्जरी कार से करते थे सूने मकानों की रैली

0
60
Two cunning burglars arrested.
Two cunning burglars arrested.

जयपुर। खोह नागोरियान थाना पुलिस ने सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर नकबजनों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी दिन में लग्जरी कार से कॉलोनियों की रेकी करते और रात में मकानों के ताले तोड़कर चोरी करते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के छह घरेलू गैस सिलेंडर, एक एलईडी टीवी, 5 हजार 500 रुपए नकद तथा वारदात में प्रयुक्त मारुति कार जब्त की है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर केंद्रीय कारागृह जयपुर भेज दिया गया।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि खोह नागोरियान थाना पुलिस ने सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले विमलेश मीणा (26) निवासी नादौती जिला करौली तथा जनकराज मीणा (30) निवासी कुड़गांव जिला करौली को गिरफ्तार किया है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी स्मैक के नशे के आदी हैं। वे दिन में अपनी फ्रॉन्क्स कार से विभिन्न कॉलोनियों में घूम कर सूने मकानों की रैकी करते थे। मौका मिलने पर रात में मकानों के ताले तोड़कर अंदर घुसते और जेवरात, नकदी, इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित अन्य कीमती वस्तुएं चोरी कर लेते थे।

चोरी का सामान औने-पौने दामों में बेचकर उससे मिलने वाले पैसों से स्मैक खरीदते और मौज-मस्ती करते थे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य वारदातों और चोरी का माल खरीदने वाले लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

थानाधिकारी प्रकाश बिश्नोई ने बताया कि आरोपी विमलेश मीणा के खिलाफ प्रताप नगर, बजाज नगर, सांगानेर, एयरपोर्ट, खोह नागोरियान और दौसा सहित विभिन्न थानों में चोरी और नकबजनी के करीब 11 मामले दर्ज हैं।

वहीं जनकराज मीणा के खिलाफ प्रताप नगर और करधनी थाने में लूट की तैयारी, रंगदारी और चोरी के चार मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं इस मामले का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने में थाना की स्पेशल टीम के कांस्टेबल धीरज और कांस्टेबल बजरंग लाल की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here