जयपुर। माणकचौक थाना पुलिस ने धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों की पार्किंग को निशाना बनाकर दुपहिया वाहन चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से जयपुर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई 10 मोटरसाइकिल और एक्टिवा बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में दर्जनों वाहन चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि माणक चौक थाना पुलिस ने धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों की पार्किंग को निशाना बनाकर दुपहिया वाहन चोरी करने वाले वाहन चोर संजय राजपूत उर्फ संजू (26) निवासी शास्त्री नगर जयपुर (गैंग का सरगना),सिद्धार्थ खींची (26) निवासी चांदमारी बस्ती भट्टा बस्ती जयपुर और रितिक स्वामी (22)निवासी भट्टा बस्ती जयपुर को जलेबी चौक गिरफ्तार किया है। जो एक्टिवा बेचने की फिराक में खड़े थे।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि घर की आर्थिक स्थिति कमजोर होने, नशे की लत और मौज-मस्ती के शौक को पूरा करने के लिए उन्होंने अपराध का रास्ता चुना। शुरुआत में वे गोविंद देवजी मंदिर और जनता बाजार सब्जी मंडी जैसी भीड़ भाड़ वाली जगहों पर पार्किंग में खड़े वाहनों से हेलमेट चोरी करते थे। चोरी किए गए हेलमेट राहगीरों को 100 से 150 रुपए में बेचकर नशे का खर्च जुटाते थे।
बाद में सरगना संजय राजपूत ने अपने साथियों के साथ मिलकर वाहन चोरी का गिरोह बना लिया। गिरोह के सदस्य सुनसान पार्किंग में खड़े दुपहिया वाहनों को मास्टर-की की मदद से या मौका मिलते ही चुरा लेते थे। चोरी के वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर छिपाकर बाद में औने-पौने दामों में बेचने की तैयारी करते थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी हुए 10 दुपहिया वाहन बरामद किए हैं। इनमें माणक चौक, रामगंज, कोतवाली, विधायकपुरी और मोती डूंगरी थाना क्षेत्रों से चोरी हुई एक्टिवा और मोटरसाइकिलें शामिल हैं।
पुलिस अब आरोपियों से अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश में जुटी है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी राकेश ख्यालिया के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल मालीराम, कांस्टेबल साबिर नकवी, महेश, अनिल, विकास कुमार और गिरधर सिंह की विशेष भूमिका रही।



















