महिला समेत दो स्मैक तस्कर गिरफ्तार: 41 ग्राम स्मैक बरामद

0
43
Main Accused Who Swindled ₹11.54 Lakh Using Fake Land Leases Arrested
Main Accused Who Swindled ₹11.54 Lakh Using Fake Land Leases Arrested

जयपुर। जयपुर पूर्व जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत जिला विशेष टीम (डीएसटी) जयपुर पूर्व और प्रताप नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी करने वाले एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 41 ग्राम 12 मिलीग्राम स्मैक तथा बिक्री से प्राप्त 18,080 रुपए की नकदी बरामद की है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि डीएसटी पूर्व और प्रताप नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को प्रताप नगर क्षेत्र के नंदपुरी बी में दबिश देकर हेमन्त सांसी (20) पुत्र कालूराम सांसी और प्रियंका सांसी (35) पत्नी दशरथ को गिरफ्तार किया। दोनों मूल रूप से मंडावर (थाना बरौनी), जिला टोंक के निवासी हैं और वर्तमान में नंदपुरी बी स्थित मकान संख्या-118 में रह रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 41 ग्राम 12 मिलीग्राम स्मैक और 18,080 रुपए नकद बरामद किए।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बाहर से थोक में स्मैक लाकर उसके छोटे-छोटे टोकन तैयार करते थे। इन टोकनों को जयपुर शहर में नशा करने वालों को 200 और 300 रुपए प्रति टोकन के हिसाब से बेचते थे। माल खत्म होने पर वे दोबारा नई खेप लेकर आते थे। पुलिस अब इनके सप्लाई नेटवर्क और मुख्य तस्करों के बारे में पूछताछ कर रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार महिला आरोपी प्रियंका सांसी आदतन मादक पदार्थ तस्कर है। उसके खिलाफ वर्ष 2019 से 2026 के बीच प्रताप नगर थाने में 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें 12 मामले आबकारी अधिनियम तथा 7 मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हैं। उसका अंतिम मामला मार्च 2026 में दर्ज हुआ था, जिसकी जांच अभी जारी है।

कार्रवाई में डीएसटी जयपुर पूर्व के कांस्टेबल चालक जितेन्द्र सिंह और कांस्टेबल हेमन्त की विशेष भूमिका रही। टीम में उपनिरीक्षक बन्ना लाल, सहायक उपनिरीक्षक छीतरमल, हेड कांस्टेबल तुलसीराम, कांस्टेबल राजेश, हरूराम, धर्मेन्द्र, देवेन्द्र, विजय सिंह और नीरज शामिल रहे। वहीं प्रताप नगर थाने से उपनिरीक्षक गिरिराज, हेड कांस्टेबल सुरेश चन्द, हीरालाल, कांस्टेबल राजेश तथा महिला कांस्टेबल हंसा ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here