जयपुर। आषाढ़ी अमावस्या पर श्री श्याम गौसेवा समिति ने गौ सेवा और मानव सेवा का अनूठा उदाहरण पेश किया। समिति की ओर से चदलाई स्थित श्री शिव शक्ति गौशाला में गायों के लिए हरा-सूखा चारा, गुड़ और खल उपलब्ध कराया गया, वहीं नेवटा स्थित अनाथ आश्रम और मानसरोवर के वृद्धाश्रम में बच्चों एवं बुजुर्गों को पूड़ी, सब्जी और रसगुल्ले का भोजन कराकर सेवा का संदेश दिया गया।
समिति के उपाध्यक्ष रामचंद्र चौधरी और अशोक प्रजापत ने बताया कि मासिक गौ सेवा अभियान के तहत बड़ी संख्या में गौ भक्तों ने सहयोग किया। इस अवसर पर गौशाला संचालक का दुपट्टा ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान भी किया गया।
गौसेवा प्रभारी विष्णु शर्मा ने बताया कि आगामी अमावस्या से उन गौशालाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां चारे का अभाव है। इसके लिए ऐसी गौशालाओं की सूची तैयार की जा रही है और वहां नियमित रूप से हरा एवं सूखा चारा पहुंचाया जाएगा।
भोजन सेवा सहप्रभारी गणेश नारायण और कन्हैयालाल लुगरिया के नेतृत्व में आयोजित भोजन सेवा में आश्रमों में रह रहे बच्चों और बुजुर्गों को सम्मानपूर्वक भोजन परोसा गया।
इस कार्यक्रम में हनुमान सहाय, किशोर लाल, सुरेंद्र, रामफूल, मेघराज, रामूदान चारण, आजाद, रमेश चंद्र मेवाड़ा, लखन सहित समिति के अनेक पदाधिकारी और गौभक्त उपस्थित रहे। समिति ने सेवा, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश देते हुए ऐसे अभियान निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।



















