पाली। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की पाली द्वितीय इकाई ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए नगरपालिका सोजत रोड के संविदाकर्मी परमानंद शर्मा को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पैतृक भूखंड का पट्टा जारी कराने की एवज में परिवादी से यह राशि मांग रहा था।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत मिली थी कि परिवादी के बड़े पिताजी के नाम पैतृक भूखंड का पट्टा जारी कराने के लिए परमानंद शर्मा अकाउंटेंट, जेईएन और ईओ के नाम पर 25 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देरावर सिंह के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी को 25 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
आरोपी ने रिश्वत की राशि अपनी पैंट की दाहिनी जेब में रख ली थी, जिसे एसीबी टीम ने बरामद कर लिया। जांच में सामने आया कि परमानंद शर्मा पहले सोजत रोड पंचायत में कर्मचारी था। सेवानिवृत्ति के बाद वह दिसंबर 2025 तक नगर पालिका में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत रहा। 65 वर्ष से अधिक आयु होने पर उसने अपने पुत्र सुनील शर्मा को संविदा पर लगवा दिया।
जबकि उसकी जगह स्वयं ही कार्य करता रहा। एसीबी अब इस मामले की भी जांच करेगी कि संविदा कर्मी के स्थान पर दूसरे व्यक्ति से काम कैसे कराया जा रहा था और इसमें नगर पालिका अधिकारियों की क्या भूमिका रही।


















