जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घड़साना के चिकित्सा अधिकारी एवं स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. महेंद्र सिंह को 3 हजार 500 रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोपी ने परिवादी की पत्नी के गर्भ में तीन माह के मृत भ्रूण की सफाई (एमटीपी प्रक्रिया) करने की एवज में रिश्वत मांगी थी।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी तीन माह की गर्भवती पत्नी की तबीयत खराब होने पर उसे सीएचसी घड़साना ले जाया गया, जहां जांच में गर्भस्थ शिशु मृत पाया गया। आरोप है कि डॉ. महेंद्र सिंह ने गर्भ की सफाई करने के बदले 4000 रुपए की रिश्वत मांगी और राशि नहीं देने पर उपचार नहीं करने की बात कही।
शिकायत का सत्यापन कराने के बाद उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन कुमार मीणा के नेतृत्व में एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। पुलिस निरीक्षक राजेन्द्र कुमार एवं टीम ने आरोपी चिकित्सक को परिवादी से 3 हजार 500 रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया।


















